मंडला (ईएमएस)। हम फाउंडेशन भारत’ की जिला शाखा मंडला द्वारा राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल निरंतर की जा रही है। इसी कड़ी में संस्था द्वारा प्रतिमाह की भांति आयोजित किए जाने वाले विशेष राष्ट्रगान कार्यक्रम “दो मिनट राष्ट्र के नाम” का भव्य आयोजन आज दिनांक 1 जून 2026 को प्रातः 9:00 बजे संपन्न हुआ। यह गरिमामयी कार्यक्रम माहिष्मति घाट स्थित गोंड़ी पब्लिक ट्रस्ट भवन प्रांगण में आयोजित किया गया, जहाँ शहर के प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होम गार्ड्स मंडला के डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट श्री एन. के. साहू रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री साहू, हम फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष श्री एच. पी. झरिया एवं विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष श्री पुहुप सिंह भारत द्वारा भारत माता के तैलचित्र पर तिलक वंदन एवं पुष्पहार अर्पित कर किया गया। इसके ठीक पश्चात, प्रांगण में उपस्थित शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने एक साथ स्वर मिलाकर सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया और देश के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट श्री एन. के. साहू ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने प्रत्येक माह की प्रथम तिथि को आयोजित होने वाले इस अनूठे कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना की तथा पूरी टीम को शुभकामनाएं प्रदान कीं। भजन और राष्ट्रभक्ति के इस माहौल के बीच एक आत्मीय पल भी आया, जब शहर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी श्री विजय अग्रवाल को उनकी वैवाहिक वर्षगांठ के सुअवसर पर संगठन द्वारा तिलक लगाकर और पुष्पहार पहनाकर बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर हम फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक श्री बी. के. राय द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, समाजसेवियों और सहभागियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि हम फाउंडेशन भारत द्वारा प्रत्येक माह की प्रथम तिथि को “दो मिनट राष्ट्र के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत इस अभियान को चलाया जा रहा है। समय के साथ इस राष्ट्रहित के अभियान में मंडला शहर के नागरिकों की सहभागिता निरंतर बढ़ती जा रही है। संस्था के पदाधिकारियों ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और अपनी व्यस्त दिनचर्या में से देश के सम्मान के लिए ‘दो मिनट’ का समय अवश्य निकालें। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026