राष्ट्रीय
01-Jun-2026


कोलकाता (ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पश्चिम बंगाल की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की टीम सोमवार को 48 घंटे के भीतर दूसरी बार उनके कोलकाता स्थित आवास पहुंची। यह कार्रवाई कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच के सिलसिले में की गई। अधिकारियों के अनुसार, सीआईडी की टीम शाम करीब साढ़े पांच बजे कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची और जांच के तहत परिसर की वीडियोग्राफी भी कराई। जानकारी के मुताबिक, यह मामला तृणमूल कांग्रेस के कुछ विधायकों के कथित फर्जी हस्ताक्षरों से जुड़ा है। आरोप है कि विधानसभा सचिवालय को भेजे गए एक पत्र में कुछ विधायकों के हस्ताक्षरों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। इसी मामले की जांच के लिए सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। हालांकि अभिषेक बनर्जी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जांच एजेंसी से 15 दिन का समय मांगा है। इससे पहले शनिवार को भी सीआईडी की टीम उनके आवास पहुंची थी और उन्हें भवानी भवन स्थित मुख्यालय में पेश होने का नोटिस सौंपा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में एक कथित चुनाव बाद हिंसा पीड़ित से मुलाकात के दौरान अभिषेक बनर्जी पर हमला भी हुआ था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है और मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। सुबोध/०१-०६-२०२६