राष्ट्रीय
01-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई ‘पिंक सहेली कार्ड’ योजना को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि अब तक 10 लाख से अधिक पिंक सहेली कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे यह देश के सबसे तेज डिजिटल मोबिलिटी कार्यक्रमों में शामिल हो गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल महिलाओं को डिजिटल और निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पिंक सहेली कार्ड के जरिए महिलाएं दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर रही हैं। इससे टिकट वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है। सरकार के अनुसार, यह कार्ड पूरी तरह डिजिटल तकनीक पर आधारित है और इससे महिलाओं को यात्रा के दौरान बार-बार कागजी टिकट लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। योजना का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। परिवहन विभाग ने बताया कि कार्ड वितरण अभियान को राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ाया गया, जिसके चलते कम समय में 10 लाख का आंकड़ा पार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से महिलाओं की आवाजाही आसान होने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में तकनीकी सुधार और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। सुबोध/०१-०६-२०२६