क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


खंडवा/इंदौर (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित जल संचय जनभागीदारी अभियान में खंडवा नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। कंटूर ट्रेंच निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए खंडवा ने देशभर के नगरीय निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नगर निगम खंडवा की आयुक्त प्रियंका राजावत ने बताया कि कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से इस अभियान को गति दी गई। इस सफल क्रियान्वयन के लिए 29 सदस्यीय एक विशेष दल का गठन किया गया था, जिसने जमीन पर उतरकर बेहतर काम किया। - सर्वे कर बनाए 20 हजार से अधिक ट्रेंच :: गठित दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों ने खंडवा नगर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक सर्वेक्षण किया। इस दौरान शहर में लगभग 130 ऐसे स्थलों का चिन्हांकन किया गया, जहाँ कंटूर ट्रेंच निर्माण के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण की अपार संभावनाएं थीं। इन चिन्हित स्थानों पर रिकॉर्ड 20,490 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया, जिसने खंडवा को राष्ट्रीय पटल पर चमका दिया। इस तकनीक से वर्षा के जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित होगा, जिससे आने वाले समय में शहर के भूजल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। प्रकाश/01 जून 2026