क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- सरकारी योजनाओं से खुले आत्मनिर्भरता के द्वार; 11 कंपनियों ने तकनीकी और कॉर्पोरेट पदों पर किया प्रारंभिक चयन :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बेरोजगार आवेदकों को एक ही छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 11 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने योग्यता के आधार पर रिक्त पदों की पूर्ति हेतु कुल 113 युवाओं का प्रारंभिक रूप से चयन किया। जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक पी.एस. मण्डलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। मेले में कुल 237 उम्मीदवारों ने अपना दांव आजमाने के लिए पंजीयन कराया था, जिसमें 172 युवक और 65 युवतियां शामिल हैं। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा लिए गए साक्षात्कार के बाद 113 आवेदकों को फार्मासिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, सहायक प्रबंधक, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बैक ऑफिस, ट्रेनी, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा, टर्नर और ऑपरेटर जैसे विभिन्न तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। - स्वरोजगार और अप्रेन्टिशिप के लिए भी मिला मार्गदर्शन :: रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेले में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला उद्योग केंद्र के मैनेजर ने स्वरोजगार के इच्छुक 08 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को खुद का स्टार्टअप या व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करते हुए लोन व अन्य आवश्यक कागजी कार्रवाई के लिए प्रकरण (प्रोजेक्टर रिपोर्ट) तैयार करने का व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया। इसके अतिरिक्त, शासन की महत्वाकांक्षी अप्रेन्टिशिप योजना के अंतर्गत 04 योग्य आवेदकों का चयन किया गया, जिन्हें ऑन-जॉब ट्रेनिंग के लिए संबंधित कंपनियों में भेजा गया है। जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों-कर्मचारियों की त्रिवेणी सहभागिता से यह पूरा कार्यक्रम पूरी तरह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रकाश/01 जून 2026