क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- ग्रामीणों और वन विभाग ने दो घंटे रेस्क्यू कर बचाई जान कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के कुदमुरा बस स्टैंड में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। हादसे में एक महिला पेड़ के नीचे दब गई। ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की तत्परता से महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार कुदमुरा क्षेत्र में अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण बस स्टैंड परिसर में वर्षों पुराना बरगद का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर धराशायी हो गया। उस समय बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कई लोग समय रहते हट गए और बड़ी दुर्घटना टल गई। हादसे में चचिया निवासी राजकुमारी नामक महिला पेड़ की चपेट में आकर उसके नीचे दब गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही कुदमुरा सरपंच प्रतिनिधि महेश राठिया, वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर पेड़ की भारी शाखाओं को हटाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत कार्य के बाद घायल महिला को डायल-112 की मदद से तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ-पैर में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। चिकित्सालय में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बस स्टैंड, विद्यालय, चिकित्सालय सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसे पेड़ आंधी-तूफान के दौरान गंभीर खतरा बन सकते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुराने पेड़ों का नियमित निरीक्षण कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें हटाने कार्यवाही की जाए। - 02 जून