क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में कोरबा-पश्चिम पाली-तानाखार विधानसभा अंतर्गत उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 बिंझरा में हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। इस चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) समर्थित प्रत्याशी कन्हैया लाल चौहान ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनीता यादव को 166 मतों के अंतर से पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र में समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला और विजय जुलूस निकालकर खुशी जताई गई। इस उपचुनाव में कुल 8 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। यह सीट पूर्व जनपद सदस्य स्वर्गीय अक्षय गर्ग के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते उपचुनाव कराया गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस चुनाव में मतदाताओं ने विकास, विश्वास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दी है। पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने नवनिर्वाचित सदस्य कन्हैया लाल चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं गोंगपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन का परिणाम बताया। - 02 जून