इन्दौर (ईएमएस) शहर में लगातार गहराते जलसंकट को देखते हुए नगर निगम ने पानी बचाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु वार्ड वार रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्पर्धा जल संवर्धन वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता शुरू की है। महापौर भार्गव के अनुसार जल संरक्षण, भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए जल संवर्धन वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस अभियान में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी से वार्डों में बेहतर काम करने वाले वार्ड का चयन होगा। प्रतियोगिता एक माह तक चलेगी, इसके बाद इसका आंकलन किया जाएगा। इसके लिए प्रथम पुरस्कार - 1.5 करोड़ रुपये द्वितीय-1.25 करोड़, तृतीय-1 करोड़ चतुर्थ-75 लाख, पंचम-50 लाख, अन्य 5 उत्कृष्ट वार्ड-25 लाख घोषित किए गए हैं। जिस वार्ड में पानी बचाने के लिए सर्वाधिक काम होगा, उसे 1.5 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिलेगा। 85 में से 10 वार्डों का ही पुरस्कार हेतु चयन किया जाएगा। आनंद पुरोहित/ 02 जून 2026