ग्वालियर ( ईएमएस ) | विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाले पर्यावरण संरक्षण एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न उपायुक्त श्री मुकेश बंसल, सहायक नोडल एसबीएम शैलेन्द्र सक्सैना, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चौहान एवं सुश्री दीपाली पांडे सहित सामाजिक संस्थायें, शैक्षणिक संगठनों, कोचिंग संस्थानों, इंफ्लुएंसर कम्युनिटी, ब्रह्माकुमारी एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बाल भवन के टीएलसी कक्ष में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव ने बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को शहर में ई-बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मर्सी होम में पौधारोपण, विभिन्न पार्कों में वृक्षारोपण, चौराहों पर ग्रीन शेड स्थापना, पक्षियों हेतु दाना-पानी की व्यवस्था, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन लगाना तथा कपड़े के थैलों का वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिक संगठनों से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही शहर के पार्कों को गोद लेकर उनके सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सभी संस्थाओं ने विश्व पर्यावरण दिवस के कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।