राष्ट्रीय
02-Jun-2026


मुंबई, (ईएमएस)। कथित ड्रग्स तस्कर सलीम इस्माईल डोला और उसके आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में ईडी ने मंगलवार को मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट सहित कुल 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कार्रवाई ड्रग्स निर्माण, मादक पदार्थों की तस्करी, हवाला कारोबार और अवैध कमाई को वैध निवेश में बदलने से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। ईडी सलीम डोला और उसके सहयोगियों के बैंक खातों, संपत्तियों, निवेशों और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संबंधों की भी गहन जांच कर रही है। मालूम हो कि कुछ दिन पहले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सलीम डोला को गिरफ्तार किया था। बाद में आगे की जांच के लिए उसे मुंबई क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को उसके आर्थिक लेन-देन और कथित अवैध नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। सूत्रों के मुताबिक, ड्रग्स तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल विदेशों में संपत्तियां खरीदने, हवाला नेटवर्क के जरिए धन के हस्तांतरण और आपराधिक नेटवर्क के विस्तार में किए जाने का संदेह है। इसी कारण ईडी अब पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है और विभिन्न वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। * दाऊद इब्राहिम नेटवर्क से जुड़े होने का दावा जांच एजेंसियों का दावा है कि सलीम डोला का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। उसे तुर्की से भारत लाए जाने के बाद वर्ष 2023 के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले के एक अन्य आरोपी फैसल जावेद शेख से पूछताछ के दौरान भी जांच एजेंसियों को कई नए सुराग मिले हैं। उसकी ओर से दी गई जानकारी के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है और कई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन तथा उनसे जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल ईडी की छापेमारी और जांच प्रक्रिया जारी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही ड्रग्स तस्करी, हवाला कारोबार और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय नेटवर्क से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना भी जताई जा रही है। संजय/संतोष झा- ०२ जून/२०२६/ईएमएस