राष्ट्रीय
02-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति में एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं। लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के मामले में वह पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ चुके हैं और अब देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को चुनौती देने की स्थिति में हैं। जुलाई 2025 में नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,078 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहकर इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के रिकॉर्ड को पार कर लिया था। इसके साथ ही वह भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गए। अब उनसे आगे केवल जवाहरलाल नेहरू हैं, जिन्होंने लगभग 16 वर्ष 286 दिनों तक लगातार प्रधानमंत्री पद संभाला था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि नरेंद्र मोदी अपना वर्तमान कार्यकाल पूरा करते हैं और भविष्य में भी प्रधानमंत्री पद पर बने रहते हैं, तो वह जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकते हैं। मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटे। इस बीच मार्च 2026 में नरेंद्र मोदी एक अन्य बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। वह गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिनों तक सरकार का नेतृत्व कर भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए। इस मामले में उन्होंने पूर्व सिक्किम मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ा। सुबोध/०२-०६-२०२६