:: ग्राम पंचायतों और महिला समूहों के बीच हुआ एमओयू; जलकर संग्रहण और योजनाओं के सफल संचालन की संभाली जिम्मेदारी :: बड़वानी (ईएमएस)। जिला कलेक्टर जयति सिंह एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के मार्गदर्शन में बड़वानी जिले में ग्रामीण जल प्रदाय व्यवस्था को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) खंड बड़वानी द्वारा जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय में मंगलवार को गरिमामय जल अर्पण दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित नलजल योजनाओं का हस्तांतरण किया गया। साथ ही ग्राम पंचायतों और आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों (ग्राम संगठनों) के बीच जलकर (वॉटर टैक्स) संग्रहण के लिए अनुबंध (एमओयू) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण समारोह में विभिन्न जनपदों से आए सरपंच, सचिव और स्व-सहायता समूहों की दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत राजपुर की ग्राम पंचायत एकलबारा, जनपद पंचायत ठीकरी की ग्राम पंचायत बावडिया, जनपद पंचायत बड़वानी की ग्राम पंचायत सजवानीखम और जनपद पंचायत पाटी की ग्राम पंचायत चिकलकुवावाडी के ग्राम पचगांव व किराडी की नलजल योजनाओं का आधिकारिक हस्तांतरण किया गया। सरपंच और सचिवों की मौजूदगी में इन योजनाओं के सुचारू संचालन और समन्वय के लिए लिखित अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जिला पंचायत के अधिकारियों की उपस्थिति में हुए इस हस्तांतरण के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और महिला समूहों की दीदियों ने अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे गांवों में हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और नलजल योजनाओं के सफल संचालन व संधारण (रखरखाव) को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। इस व्यवस्था से न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में जलकर की वसूली समय पर होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया अवसर भी मिलेगा। प्रकाश/02 जून 2026