:: कक्षा 10वीं और 12वीं में केवल सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को मौका; 11वीं कॉमर्स में सभी वर्ग कर सकते हैं आवेदन :: बुरहानपुर (ईएमएस)। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय बुरहानपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शाला प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के अलग-अलग संकायों में सीटें रिक्त हैं, जिन पर प्रवेश के लिए इच्छुक व योग्य विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, कक्षा 10वीं में कुल 25 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं कक्षा 11वीं के कॉमर्स (वाणिज्य) संकाय में कुछ सीटें और कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में 10 सीटें व कॉमर्स संकाय में 11 सीटें खाली हैं। इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीयन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। अभिभावक व छात्र 1 जून से 10 जून 2026 तक विद्यालयीन समय में (प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक) स्कूल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना आवेदन जमा करा सकते हैं। प्रवेश नियमों की जानकारी देते हुए प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि कक्षा 10वीं और 12वीं की रिक्त सीटों के लिए केवल सेवा-श्रेणी 1 (केन्द्रीय सरकारी कर्मचारी) एवं सेवा-श्रेणी 2 (केन्द्रीय स्वायत्त निकाय/सार्वजनिक उपक्रम के कर्मचारी) के अंतर्गत आने वाले अभिभावक ही आवेदन करने के पात्र होंगे। हालांकि, कक्षा 11वीं के कॉमर्स संकाय के लिए सभी सेवा-श्रेणी और बिना सेवा-श्रेणी (सामान्य नागरिक) वाले अभिभावक भी आवेदन कर सकते हैं। प्रबंधन ने साफ किया है कि इन तीन कक्षाओं के अलावा विद्यालय की अन्य किसी भी कक्षा में कोई सीट रिक्त नहीं है। प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://burhanpur.kvs.ac.in/ पर जाकर एडमिशन डिटेल्स का अवलोकन कर सकते हैं। नियत तिथि (10 जून) के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रकाश/02 जून 2026