राज्य
02-Jun-2026
...


:: ग्राम दाहिंदा के सूरजलाल ने की अतिक्रमण की शिकायत, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश :: बुरहानपुर (ईएमएस)। आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित व प्रभावी निराकरण के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले के विभिन्न अंचलों और दूर-दराज के गांवों से आए आवेदकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में ग्राम दाहिंदा निवासी सूरजलाल ने अपने क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़ी एक गंभीर शिकायत कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। कलेक्टर श्री सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा की और इस जमीन संबंधी विवाद का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक बेहद प्रभावी माध्यम है, जिसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनसुनवाई में आए सभी 86 आवेदनों को संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को सौंपते हुए तय समय-सीमा के भीतर उचित और वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके। प्रकाश/02 जून 2026