:: कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी जिला स्तरीय समिति, चारों अनुभागों में एसडीएम संभालेंगे कमान; ई-उपार्जन पोर्टल पर प्रक्रिया शुरू :: बड़वानी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन की प्राइस सपोर्ट स्कीम (मूल्य समर्थन योजना) के तहत जिले में ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्मकालीन फसल मूंग के उपार्जन के लिए पंजीयन कार्य शुरू हो गया है, जो आगामी 15 जून तक जारी रहेगा। इस योजना के सुचारू और पारदर्शी क्रियान्वयन, किसान पंजीयन की जांच और पूरी उपार्जन प्रक्रिया की सख्त निगरानी के लिए बड़वानी जिले में जिला एवं अनुभाग स्तर पर विशेष समितियों का गठन कर दिया गया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति में प्रशासनिक और बैंकिंग क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस समिति में लीड बैंक मैनेजर, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक, जिला विपणन अधिकारी (मार्कफेड), जिला आपूर्ति अधिकारी, मप्र स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के प्रबंधक, अधीक्षक भू-अभिलेख, कृषि उपज मंडी के सचिव और नेफेड व एनसीसीएफ के प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है, जबकि उप संचालक कृषि को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी समितियों को सक्रिय किया गया है। जिले के चारों अनुभागों - बड़वानी, सेंधवा, राजपुर और पानसेमल में अनुभाग स्तरीय समितियों का गठन किया गया है, जिसमें संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) समिति के अध्यक्ष होंगे। अनुभाग स्तरीय समिति में अनुविभागीय कृषि अधिकारी, सहकारिता विस्तार अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक, मार्कफेड के गोदाम प्रभारी और संबंधित कृषि उपज मंडी के सचिव को सदस्य बनाया गया है, जबकि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को सदस्य सचिव के रूप में मनोनीत किया गया है। यह समितियां ई-उपार्जन पोर्टल पर होने वाले पंजीयन से लेकर तौल और भंडारण तक की पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगी, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न हो। प्रकाश/02 जून 2026