:: ग्रामीण अंचलों में पहुंचीं जनसुनवाई; नाम संशोधन, मुआवजा और बिजली-पानी की शिकायतों पर अफसरों को त्वरित ऐक्शन के निर्देश :: झाबुआ (ईएमएस)। प्रशासनिक अमला अब सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को विकासखंड रामा में खुद मौजूद रहकर जनसुनवाई आयोजित की और ग्रामीणों की समस्याएं बेहद गंभीरता से सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। :: मंच से ही हुआ शिकायतों का समाधान, किसानों को मिली राहत :: जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। ग्राम कोकावद निवासी किसान कटिया बिलवाल ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जुड़ी अपनी समस्या कलेक्टर के सामने रखी। इस पर कलेक्टर ने तुरंत सहकारिता विभाग के दिनेश चंद्र भिड़े और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के रामचंद्र पालीवाल को निर्देशित किया। दोनों अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किसान का नाम कालीदेवी संस्था में जोड़कर उनकी समस्या का ऑन द स्पॉट समाधान कर दिया। इसी तरह भूमि अभिलेख में नाम संशोधन को लेकर ग्राम हत्यादेली निवासी प्रेमसिंह गुंडिया ने आवेदन दिया था। इस पर तहसीलदार रामा की जांच रिपोर्ट के आधार पर म.प्र. भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 115 एवं 116 के अंतर्गत राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नाम ‘जोसा पिता सुखिया’ के स्थान पर सुधार करते हुए ‘प्रेमसिंह गुंडिया पिता सुकिया गुंडिया’ संशोधित करने के आदेश जारी किए गए। :: डूब प्रभावितों को मुआवजा और पेयजल संकट दूर करने की हिदायत :: सुनवाई में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों से प्रभावित ग्रामीणों ने भी अपनी बात रखी। ग्राम छोटी हिड़ी के सत्तु परमार ने स्टॉप डैम निर्माण के कारण डूब क्षेत्र में आई अपनी भूमि के मुआवजे की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं विद्युत समस्याओं को लेकर ग्राम काकड़कुआं और नवापाड़ा के ग्रामीणों ने नई डीपी (ट्रांसफार्मर) स्वीकृत करने की मांग रखी, जिस पर स्थल निरीक्षण के बाद कार्रवाई की बात कही गई। ग्राम पंचायत बोचका के कालीदेवी फलिया और खराड़ी फलिया में गहराए पेयजल संकट को दूर करने के लिए भी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पाबंद किया गया। इसके अलावा, ग्राम गोमला की अरुणा वसुनिया द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत पर महिला एवं बाल विकास विभाग को जांच सौंपी गई। ग्राम बामनिया निवासी लालखा नेहज मोहम्मद को खाता नकल का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने और ग्राम उमरकोट में धर्मशाला तोड़कर सामुदायिक भवन बनाने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए। कोकावद निवासी दिव्यांग मुकेश भूरिया को पात्रता के अनुसार आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। :: जनसुनवाई में ही बांटे गए हितलाभ, चेहरे पर आई मुस्कान :: इस मौके पर विभिन्न हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी हाथों-हाथ वितरित किया गया। दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि योजना के तहत रामकन्या भूरिया एवं हितेश भूरिया को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपे गए। मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के तहत ग्राम कालीदेवी की हितग्राही गुली को पेंशन पत्र दिया गया। इसके साथ ही कृषक प्रेमसिंह एवं दलसिंह चौहान को उर्वरक (खाद) के ई-टोकन भी प्रदान किए गए। रामा में आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं दूसरी ओर, झाबुआ जिला मुख्यालय पर अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी एवं संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई द्वारा आयोजित जनसुनवाई में 83 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें निराकरण के लिए विभागों को भेजा गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर रीतिका पाटीदार, सीएमएचओ डॉ. बी.एस. बघेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। प्रकाश/02 जून 2026