:: समय पर सॉइल हेल्थ कार्ड बांटने के निर्देश :: झाबुआ (ईएमएस)। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को रामा स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रयोगशाला में मिट्टी के नमूनों (मृदा नमूनों) की जांच प्रक्रिया को बारीकी से देखा और जांच के विभिन्न चरणों के संबंध में मौके पर मौजूद कृषि अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मृदा परीक्षण को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों के खेतों से लिए गए मिट्टी के नमूनों की जांच का काम तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) जारी करने की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की और कहा कि जांच रिपोर्ट आते ही किसानों को समय पर उनके कार्ड उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही किसानों को खेतों में उर्वरकों (खाद) के संतुलित उपयोग की सही जानकारी मिलती है। इससे रसायनों पर होने वाला फिजूल खर्च रुकता है, जिससे खेती की लागत कम होती है और कृषि उत्पादकता में सुधार होता है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्रसिंह चौहान, झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रकाश/02 जून 2026