राज्य
02-Jun-2026


मेडिकल कॉलेज, इमरजेंसी सेवाएं, एमआरआई, वेंटिलेटर और भ्रष्टाचार की जांच समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन --धरना देते भारतीय किसान यूनियन के कृष्णकांत रावत व अन्य हाथरस (ईएमएस)। जनपद मुख्यालय पर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से उठ रही शिकायतों के बीच मंगलवार को जनआक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। भारतीय किसान यूनियन (भानु) व्यापार प्रकोष्ठ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, व्यापार मंडल सहित करीब एक दर्जन सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने सीएमओ कार्यालय के सामने तालाब ओवरब्रिज के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।धरना शुरू होने से पूर्व आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की बुद्धि शुद्धि एवं जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कामना को लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ आयोजित किया। यज्ञ में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आहुतियां देकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की प्रार्थना की।धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, जिला अस्पताल में मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर करने की प्रवृत्ति बंद हो, इमरजेंसी सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जाए तथा एमआरआई, सीटी स्कैन, वेंटिलेटर, डायलिसिस और नशा मुक्ति केंद्र जैसी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इसके अलावा दिव्यांगजनों की जांच व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का विस्तार, स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच, अल्ट्रासाउंड व्यवस्था में सुधार तथा 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।आंदोलनकारियों का आरोप है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवा अब उपचार केंद्र के बजाय रेफर सेंटर बनकर रह गई है। उनका कहना है कि मामूली चोट, पेट दर्द और सामान्य बीमारियों के मरीजों को भी अलीगढ़, आगरा अथवा अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है। वहीं रात के समय गंभीर मरीजों को भी तत्काल रेफर किए जाने से परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।धरना दे रहे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन (भानु) व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत रावत, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, ब्राह्मण महासभा के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन गौड़, सुभाष उपाध्याय, अभिषेक रंजन आर्य, प्रशांत कौशिक, सुरेश अग्रवाल, बालकिशन शर्मा, आशीष उपाध्याय, भूपेंद्र शर्मा, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, पवन गुप्ता, अनमोल अग्निहोत्री, किशन भारती, गौरव ओझा, सौरव ओझा, डॉ. ललितेश शर्मा, छोटू राणा, मोहित चौहान, सुमित, विकास, रोहित कुशवाहा, ऋषि वार्ष्णेय, शिवम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 02 जून 2026