वार्ड 10, 20 और 35 में विकास कार्यों का शुभारंभ, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को होगा लाभ फोटो -----1 --सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण करतीं पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी व पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर हाथरस (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीन सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वार्ड संख्या-35, वार्ड संख्या-10 और वार्ड संख्या-20 में निर्मित सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया।लोकार्पण के अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना है जहां वर्षों से मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों का लोकार्पण किया गया है, वहां लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।उन्होंने बताया कि नगर के कई ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता पर चिन्हित किया गया है जहां लंबे समय से विकास कार्य नहीं हुए थे। इन्हीं क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नव निर्मित मार्गों में से दो मार्ग ऐसे हैं जिनसे होकर श्रद्धालु मां चामुंडा देवी मंदिर और श्री केला देवी मंदिर तक पहुंचते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क और नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार आएगा।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। लोगों ने नगर पालिका परिषद से इसी प्रकार विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर, सभासद किशन गोपाल, शाहरुख खान, अशोक गोला, रामजीलाल वर्मा, काव्य वार्ष्णेय, दिनेश नन्हें, हिमांशु कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 02 जून 2026