:: छात्रावास और स्कूलों में तुरंत कनेक्शन देने के निर्देश; पंचायत स्तर पर बनेगी पानी समिति, वाल्वमैन की होगी नियुक्ति :: झाबुआ (ईएमएस)। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को विकासखंड रामा के ग्राम माछलिया में टेस्टिंग पीरियड (परीक्षण काल) पर चल रही नल-जल योजना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर खुद पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने वहां से पूरी जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया और योजना के सुचारू संचालन व बेहतर रखरखाव को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों की सहभागिता तय करने के लिए कलेक्टर ने पंचायत स्तर पर तत्काल पानी समिति का गठन करने और योजना की देखरेख के लिए वाल्वमैन की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में जनभागीदारी बढ़ाने और व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आगामी 20 दिनों के भीतर गांव में ‘अर्पण दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके बाद योजना का नियंत्रण पूरी तरह स्थानीय स्तर पर सौंप दिया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ किया कि गांव के हॉस्टल (छात्रावास) और विद्यालय परिसरों में नल-जल योजना के तहत अनिवार्य रूप से पानी के कनेक्शन दिए जाएं और उनसे निर्धारित शुल्क की वसूली भी की जाए। योजना में आने वाली तकनीकी कमियों को दूर करने के लिए उन्होंने पंचायत के पास उपलब्ध 10 हजार रुपये की कंटीजेंसी (आकस्मिक) राशि का आवश्यकतानुसार उपयोग करने की अनुमति दी। कलेक्टर ने पीएचई के अफसरों से कहा कि अर्पण दिवस के बाद नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिल सके। इस मौके पर झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई और पीएचई के ईई जितेन्द्र मावी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रकाश/02 जून 2026