राज्य
02-Jun-2026
...


:: आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक; टीएचआर वितरण, बालिका शौचालय और बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई :: झाबुआ (ईएमएस)। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, वित्तीय समावेशन, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभागों की प्रगति की जांच कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन से ही जिले की रैंकिंग में सुधार संभव है। सभी विभाग जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करें। स्वास्थ्य एवं पोषण संकेतकों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पहली तिमाही में गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी (प्रसव पूर्व) जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा और एएनएम स्तर तक कार्ययोजना बनाकर गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने को कहा। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और कम वजन वाले बच्चों की समस्या दूर करने के लिए गर्भावस्था के शुरुआती दौर से ही विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। :: टीएचआर वितरण में लापरवाही पर मिलेगी सजा :: महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। यदि कहीं स्टॉक होने के बावजूद हितग्राहियों को राशन नहीं बांटा गया या अनियमितता मिली, तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पात्र महिलाओं और बच्चों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध कराने की हिदायत दी। :: स्कूल के पहले दिन होगा प्रीति भोज, ड्रॉपआउट होगा शून्य :: शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जून, जुलाई और अगस्त महीने में विशेष अभियान चलाकर स्कूलों में ड्रॉपआउट दर को शून्य किया जाए और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित हो। स्कूल के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया जाए, जिससे बच्चों और अभिभावकों में सकारात्मक माहौल बने। शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर उनका दोबारा नामांकन कराएं और शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें। जिन स्कूलों में अतिथि शिक्षक नहीं हैं, वहां की माइक्रो प्लानिंग तैयार की जाए। :: बालिका शौचालयों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश :: कलेक्टर ने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देशित किया कि जिन स्कूलों में बालिका शौचालय का निर्माण लंबित है, उसे जल्द पूरा कर प्रमाण-पत्र जारी करें। सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों में शौचालयों की नियमित सफाई और संचालन सुनिश्चित हो। दिव्यांग (सीडब्ल्यूएसएन) बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, पंचायतों में भारत नेट कनेक्शन सक्रिय करने के लिए बीएसएनएल अधिकारियों और सचिवों की बैठक बुलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक सखियों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान, जिला योजना अधिकारी हेलेन वसुनिया, सीएमएचओ डॉ. बी.एस. बघेल, सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन सहित विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/02 जून 2026