राज्य
02-Jun-2026
...


झाबुआ (ईएमएस)। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को शासकीय पौधशाला (नर्सरी) कालीदेवी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की वर्तमान स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने पौधशाला में ग्राफ्टेड और सामान्य विधि से तैयार किए जा रहे आम, कटहल सहित अन्य फलदार व छायादार प्रजातियों के पौधों को देखा। उन्होंने मौजूद उद्यानिकी और कृषि विभाग के अधिकारियों से पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई और उनके रखरखाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण और किसानों को उन्नत पौधे उपलब्ध कराने की दिशा में वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए पौधशाला में अधिक से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाएं, जिससे रोपण के समय पौधों की कमी न हो। साथ ही उन्होंने पौधों के बेहतर संरक्षण और संवर्धन के लिए जरूरी प्रबंध करने की हिदायत दी। इस अवसर पर झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई सहित संबंधित विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रकाश/02 जून 2026