राज्य
02-Jun-2026
...


:: अधिकारियों ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश; कलेक्ट्रेट कार्यालय में उमड़े अपनी शिकायतें लेकर आए ग्रामीण :: खरगोन (ईएमएस)। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचे दूर-दराज के ग्रामीणों और आवेदकों की शिकायतों व समस्याओं को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस जनसुनवाई में कुल 76 आवेदक अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर अधिकारियों के समक्ष उपस्थित हुए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, श्रीमती हेमलता सोलंकी और डिप्टी कलेक्टर अनिल जैन ने अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ मौजूद रहकर आवेदनों पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अफसरों को इन सभी 76 आवेदनों को सौंपते हुए समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ इनका निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अपनी बुनियादी जरूरतों और शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। प्रकाश/02 जून 2026