- नागरिकों से पानी बचाकर इस्तेमाल करने की अपील ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे शहर के कई हिस्सों में 24 घंटे तक पानी की आपूर्ति बंद रहने वाली है। मानसून के आगमन से पहले संभावित जल संकट को देखते हुए ठाणे महानगरपालिका ने नागरिकों से पानी का उपयोग बेहद सावधानी और बचत के साथ करने की अपील की है। इसके साथ ही पानी सप्लाई बहाल होने के बाद भी अगले 1 से 2 दिनों तक कम दबाव से पानी मिलने की संभावना जताई गई है। जानकारी के अनुसार, ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र के मुंब्रा, दिवा, कलवा, माजिवडा-मानपाडा और वागळे प्रभागों में पानी की आपूर्ति महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) के माध्यम से की जाती है। मौसम विभाग ने अल नीनो और इंडियन ओशन डाइपोल के प्रभाव के कारण मानसून में देरी की आशंका व्यक्त की है। इसी संभावित स्थिति को देखते हुए 14 मई को ठाणे महानगरपालिका और जलसंपदा विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई थी। बैठक में भविष्य में गंभीर जल संकट की स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के तहत एमआईडीसी के जांभूल जलशुद्धीकरण केंद्र से होने वाली जलापूर्ति आज गुरुवार को दोपहर 12 बजे से शुक्रवार, 5 जून को दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान कुल 24 घंटे तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पानी कटौती का असर ठाणे महानगरपालिका के अंतर्गत आने वाले दिवा, मुंब्रा (प्रभाग क्रमांक 26 और 31 के कुछ हिस्सों को छोड़कर) तथा कलवा प्रभाग के सभी क्षेत्रों पर पड़ेगा। इसके अलावा वागले प्रभाग समिति के रुपादेवी पाड़ा, किसननगर नंबर 2, नेहरू नगर और मानपाडा प्रभाग के अंतर्गत आने वाले कोलशेत खालचा गांव में भी 24 घंटे तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि जलापूर्ति दोबारा शुरू होने के बाद भी अगले एक से दो दिनों तक कम दबाव से पानी उपलब्ध हो सकता है। इसलिए नागरिकों को पहले से आवश्यक पानी का संग्रह करने और पानी का उपयोग सोच-समझकर करने की सलाह दी गई है। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पानी कटौती की अवधि में पानी की बर्बादी से बचें और उपलब्ध जल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें, ताकि सभी क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। स्वेता/संतोष झा- ०३ जून/२०२६/ईएमएस