- बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर भी पूरी तरह रोक - प्रबंधन का तकर्- मरीजों की गोपनीयता की रक्षा करना मकसद रांची (ईएमएस)। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची प्रशासन ने मीडिया कर्मियों के लिए एक नया और कड़ा निर्देश जारी किया है। इसके तहत अब बिना पूर्व अनुमति के अस्पताल परिसर में पत्रकारों के प्रवेश, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बिना किसी भी मीडिया प्रतिनिधि को अस्पताल परिसर में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस नए नियम के मुताबिक, अगर कोई पत्रकार अस्पताल परिसर के भीतर कवरेज, फोटो या वीडियो बनाना चाहता है, तो उसे पहले रिम्स के निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक अथवा अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक से औपचारिक अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। इस कदम के पीछे रिम्स प्रबंधन का तर्क है कि अस्पताल की कार्यप्रणाली को बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलाने, मरीजों की गोपनीयता (प्राइवेसी) की रक्षा करने और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। हालांकि, रिम्स के इस आदेश के बाद अब मीडिया जगत और आम लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। नए नियमों के कारण अस्पताल परिसर में होने वाली किसी भी अव्यवस्था, मरीज-डॉक्टर विवाद या अन्य अप्रत्याशित घटनाओं की तत्काल मीडिया कवरेज करना पत्रकारों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। हर छोटी-बड़ी घटना की रिपोर्टिंग के लिए पहले प्रबंधन से अनुमति लेने की इस अनिवार्यता के बाद यह बहस छिड़ गई है कि सार्वजनिक हित से जुड़े मामलों और अस्पताल की खामियों की स्वतंत्र व निष्पक्ष रिपोर्टिंग आखिर कैसे सुनिश्चित हो पाएगी। रामयश/ईएमएस 03 जून 2026