क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


बक्सर, (ईएमएस)। बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलाफतपुर गांव में खुले पड़े हाई-वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रशासन, बिजली विभाग तथा थर्मल पावर प्लांट प्रबंधन के खिलाफ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, खिलाफतपुर स्थित कोयला डिपो के पास निर्माणाधीन सड़क के नीचे एक पुलिया के समीप 440 वोल्ट का जीवित बिजली का तार खुला पड़ा था। खेलते समय दो बच्चे गलती से तार के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान महिशौत गांव निवासी धोंधा मुसहर के 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार तथा दिमागी मुसहर के 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गांव की महादलित बस्ती के रहने वाले थे। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने बिजली विभाग समेत संबंधित एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बच्चों के शवों को गांव ले जाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने चौसा यादव मोड़ तिरमुहानी के पास सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों द्वारा मुआवजा दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क जाम हटा लिया गया। वहीं पुलिस ने घटना की जांच कर रही है। - ०३ जून/२०२६/ईएमएस