- पड़ोसी किशोर ने किया दुष्कर्म, आरोपी पुलिस हिरासत में गुमला (ईएमएस)। झारखंड के गुमला जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली महज ढाई साल की मासूम बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। इस हैवानियत के बाद पीड़ित बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए गुमला के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना रात को घटित हुई। आरोपी किशोर का बच्ची के घर अक्सर आना-जाना था, जिसके कारण परिवार के लोग उस पर पूरा भरोसा करते थे। मंगलवार रात वह बच्ची को अपनी गोद में लेकर घुमाने के बहाने घर से ले गया। पड़ोसी होने के नाते माँ ने भी बिना किसी संकोच के अपनी बच्ची को उसे सौंप दिया। आरोप है कि किशोर मासूम को एक सुनसान और अंधेरे स्थान पर ले गया और वहाँ उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। करीब एक घंटे बाद जब वह बच्ची को वापस लेकर घर पहुँचा, तो मासूम दर्द से बुरी तरह कराह रही थी और रो रही थी। आरोपी तुरंत बच्ची को उसकी माँ को सौंपकर वहाँ से भाग निकला। काफी प्रयास के बाद भी जब बच्ची का रोना बंद नहीं हुआ, तो माँ ने उसकी जाँच की। बच्ची के शरीर पर खून के धब्बे देखकर माँ के होश उड़ गए और उसने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस घिनौनी करतूत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तुरंत आरोपी किशोर की तलाश शुरू की और उसे गाँव में ही धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने ग्रामीणों के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गाँव पहुँची और आरोपी को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपी को थाने ले जाकर कानूनी कार्रवाई और आगे की पूछताछ में जुटी है। - ईएमएस 03 जून 2026