-बठिंडा में पारा 40.2 डिग्री रहा, जो राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा चंडीगढ़,(ईएमएस)। पिछले दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं से तापमान में भारी गिरावट आई है, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में 3 डिग्री के करीब बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के औसत अधिकतम तापमान में सोमवार की तुलना में 2.9 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से 4.2 डिग्री सैल्सियस कम है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जिससे बठिंडा राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। जालंधर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, जबकि शाम के समय बादलों की आवाजाही भी देखने को मिली। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही और लोग गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते पंजाब में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। इस कारण अगले 48 घंटों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 और 4 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियों के कारण तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है। फिलहाल दिन के समय गर्मी और उमस का असर है। सिराज/ईएमएस 03जून26