राष्ट्रीय
03-Jun-2026


-पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की मदद का किया अव्हान -आम आदमी पार्टी ने सुरक्षा मानकों पर उठाए सवाल नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और प्रियंका गांधी ने मृतकों के प्रति शोक जताया है। घटना में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कई नेताओं ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घटना की परिस्थितियों पर सवाल भी उठाए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को समयबद्ध एवं पर्याप्त सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पीड़ितों की हरसंभव सहायता करें। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि होटल में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत और सहायता कार्यों में योगदान देने का आग्रह किया। वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं और लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर आशंकाएं बढ़ रही हैं। पार्टी ने संबंधित एजेंसियों से जवाबदेही तय करने और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराने की मांग की। दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जांच प्रक्रिया और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों को सामने लाना और जिम्मेदार लोगों की पहचान करना आवश्यक है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अग्निकांड में मृतकों की संख्या 21 तक पहुंच गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी बताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और घटना के कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने कहा है कि आग लगने की वजह, सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। हिदायत/ईएमएस 03जून26