-पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन व दो सहयोगियों को किया गिरफ्तार पटना,(ईएमएस)। पटना में मंगलवार रात खान सर की कोचिंग ग्लोबल स्टडीज पर हमला हुआ। हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग गार्ड को पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलाए गए। पोस्टर फाड़े गए। इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार किया है। तीनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट में टाउन डीएसपी-1 के मुताबिक रौशन आनंद और उसके दोनों सहयोगियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है। खान सर ने हमले का आरोप ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर और कोचिंग कर्मियों पर लगाया है। इस घटना के बाद बिहार शिक्षा विभाग ने कोचिंग नीति बनाए जाने की घोषणा की है। अगले तीन महीने के अंदर कोचिंग नीति तैयार की जाएगी। इसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ तैयार किया जाएगा। खान सर का कहना है कि हमले में सिक्योरिटी गार्ड का सिर फट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खान सर की ओर से दायर एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है। साथ ही पटना पुलिस ने भी फायरिंग से इनकार किया है। हमले के बाद खान सर का कोचिंग सेंटर बुधवार को बंद रहा। खान सर ने कहा कि आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी। इधर, कोचिंग पर हमले के बाद बड़ी संख्या में खान सर के छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। खान सर ने बताया कि जिस समय हमला हुआ, उस वक्त ज्यादातर गार्ड्स की ड्यूटी खत्म हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता घायल गार्ड को बचाने की है। उसे बेरहमी से पीटा गया। पता नहीं हमलावरों का निशाना कौन था। उन्होने कहा कि हम लोगों की कोशिश रहती है कि गरीब से गरीब बच्चों को पढ़ाया जाए, इससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार और पुलिस अलर्ट है। रात 2 बजे तक सभी अफसर यहां मौजूद थे। पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करे। पटना एसएसपी ने बताया कि कुछ स्टूडेंट्स ने कोचिंग में मारपीट की। पोस्टर भी फाड़े। गार्ड को चोट आई है। सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जो भी इस घटना में शामिल होगा। उस पर एक्शन लिया जाएगा। सिराज/ईएमएस 03जून26