राष्ट्रीय
03-Jun-2026


-धमकी के बाद लोगों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था को किया कड़ा, पुलिस मुस्तैद अंबाला,(ईएमएस)। पिछले कुछ महीनों से अंबाला में भी सरकारी संस्थानों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। अब खालिस्तान नेशनल आर्मी नाम के संगठन की तरफ से एक धमकी भरा ईमेल आया है, जिसमें अंबाला शहर नगर निगम, अंबाला कोर्ट और अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की बात कही है। इस मेल के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बता दें जिले में एक बार फिर दहशत है। इस बार आतंकियों की तरफ से 6 जून को इन सरकारी और सार्वजनिक जगहों पर बम से उड़ाने की डेडलाइन दी गई है। धमकी मिलने के बाद से ही पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है, लेकिन सवाल ये है कि आखिर ये मेल कहां से आ रहे हैं? इन्हें कौन भेज रहा है और इसके पीछे किसकी गहरी साजिश है? अंबाला पुलिस अब तक इन ईमेल्स के पीछे के मास्टरमाइंड का पर्दाफाश करने में नाकाम रही है। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस के पास सिर्फ एक ही जवाब है कि जांच चल रही है और आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और नगर निगम में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं रेलवे स्टेशन की सुरक्षा की जिम्मेदारी जीआरपी को सौंपी गई है। राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है, ​लेकिन लोगों के मन में सवाल है कि जब तक धमकी देने वाले सलाखों के पीछे नहीं पहुंच जाते, तब तक यह सुरक्षा के खोखले दावे कितने सुरक्षित हैं? 6 जून की तारीख नजदीक है, ऐसे में पुलिस की टेक्निकल टीम के लिए यह समय के खिलाफ एक बड़ी रेस है। सिराज/ईएमएस 03जून26