राष्ट्रीय
03-Jun-2026


बस्ती,(ईएमएस)। उतरप्रदेश के बस्ती जिले में 8 जून से शुरू हो रही बहुप्रतीक्षित पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता तैयारी की है। कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 36,288 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा दो पालियों में, सुबह 10 से 12 बजे और शाम 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड से जोनल आब्जर्वर अजय कुमार मिश्र (सेवानिवृत्त एएसपी) और जिला आब्जर्वर रंजीत यादव (सहायक सेनानायक 35 पीएसी लखनऊ) परीक्षा की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने वाले हैं, ताकि गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे। समस्त 17 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी अन्य प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों से समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचने, किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने और अपनी पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी गई है। सुरक्षाकर्मियों को परीक्षार्थियों के साथ शिष्ट व्यवहार करने, लेकिन नियमों का पालन सख्ती से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी अभ्यर्थियों को एक समान और निष्पक्ष अवसर मिले। आशीष दुबे / 03 जून 2026