आजमगढ़ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) द्वारा संदिग्ध पाक समर्थित आतंकी की गिरफ्तारी के बाद राज्य सियासी उबाल आ गया है। इस मामले पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलकर एटीएस की कार्रवाई की सराहना की है। यूपी एटीएस ने आजमगढ़ के खुदाददपुर गांव से मोहम्मद शेख नामक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। शेख पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और खुफिया एजेंसी आईएसआई (आईएसआई) से जुड़े आतंकी नेटवर्क के लिए काम करने का गंभीर आरोप है। एटीएस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आका सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप के द्वारा मोहम्मद शेख को कट्टरपंथी बना रहे थे। वह आतंकी नेटवर्क के गुर्गों के संपर्क में था और लोकल युवाओं का ब्रेनवाश कर रहा था। जांच एजेंसी ने खुलासा किया कि शेख को दूसरे राज्य की एक महिला नेता को धमकी देने का एक टेस्ट मिशन भी सौंपा गया था। एटीएस ने संदिग्ध के पास से एक 9 एमएम पिस्टल, चार कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस आंतकी की गिरफ्तारी को सपा से जोड़ते हुए राजभर ने आरोप लगाया, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि आतंकियों को उस क्षेत्र से पकड़ा जा रहा है, जो कि सपा का गढ़ कहा जाता है। इसका मतलब है कि सपा नेता आजमगढ़ में आतंकियों को संरक्षण देते हैं। हालांकि, मंत्री ने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। गौरतलब है कि आजमगढ़ पूर्वी उत्तर प्रदेश में सपा का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव वर्तमान में यहां से सांसद हैं और पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जिले की सभी 10 सीटें जीती थीं। लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और इसतरह के अंतरराष्ट्रीय मामलों में संवेदनशील दृष्टिकोण आवश्यक है। उनका कहना है कि गहन जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है, क्योंकि कानूनी कार्रवाई जारी है। आशीष दुबे / 03 जून 2026