रामपुर (ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के रामपुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर गोली लगने से घायल हुआ। उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस को ग्राम जुठिया के जंगल में गौवध करने की नीयत से दो व्यक्तियों के आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने जुठिया से भमरौवा जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद, एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया,तब उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक गौ तस्कर के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि घायल गौ तस्कर जुठिया गांव का 30 वर्षीय समीर है, उस जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार हुए उसके भाई अखलाक की तलाश जारी है। पकड़े गए समीर के पास से एक तमंचा, कुल्हाड़ी, चापड़, चार छुरी, दो पेचकस, लकड़ी का गुटका, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और बाइक बरामद की गई है। आशीष दुबे / 03 जून 2026