-ऑनलाइन विज्ञापन कारोबार में बदल सकते हैं नियम नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली हाईकोर्ट के अहम फैसले ने डिजिटल विज्ञापन उद्योग में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। अदालत ने हिंदवेयर के पक्ष में फैसला सुनाकर माना कि गूगल द्वारा “हिंदवेयर” ट्रेडमार्क को विज्ञापन कीवर्ड के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति देना कंपनी के ट्रेडमार्क अधिकारों का उल्लंघन है। कोर्ट ने मामले में गूगल पर 30 लाख रुपये का हर्जाना लगाया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले का असर केवल एक कंपनी या एक मामले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे डिजिटल विज्ञापन इकोसिस्टम को प्रभावित करेगा। अब तक ऑनलाइन विज्ञापन के क्षेत्र में आम प्रथा रही है कि कंपनियां अपने प्रतिद्वंद्वियों के ब्रांड नामों पर भी विज्ञापन खरीदती हैं। उदाहरण के तौर पर यदि कोई उपभोक्ता किसी विशेष ब्रांड का नाम सर्च करता है, तब सर्च परिणामों में उस ब्रांड की वेबसाइट के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी कंपनियों के विज्ञापन भी दिखाई देते हैं। इसका उद्देश्य उन ग्राहकों को आकर्षित करना होता है जो पहले से किसी खास उत्पाद या सेवा में रुचि दिखा रहे होते हैं। लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले ने इस व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। अदालत के निर्णय के बाद यह बहस तेज हो गई है कि किसी ब्रांड के नाम से की गई ऑनलाइन खोज पर प्राथमिक अधिकार किसका होना चाहिए। क्या उस ब्रांड का जिसे उपभोक्ता खोज रहा है, या फिर उस विज्ञापनदाता का जो उस कीवर्ड के लिए अधिक कीमत चुकाने को तैयार है। इस फैसले का स्वागत कई उद्यमियों और ब्रांड मालिकों ने किया है। उनका कहना है कि किसी ब्रांड की पहचान बनाने में वर्षों की मेहनत और भारी निवेश लगता है। इसतरह से प्रतिस्पर्धी कंपनियों द्वारा उसी नाम का उपयोग कर ग्राहकों को आकर्षित करना उचित नहीं हो सकता है। उद्योग जगत के कई प्रतिनिधियों का मानना है कि इससे कंपनियों को अपने ही ब्रांड नाम की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त विज्ञापन खर्च करने की मजबूरी कम होगी। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञों के अनुसार इस फैसले का सबसे अधिक लाभ उन स्थापित कंपनियों को मिल सकता है जिनकी बाजार में मजबूत ब्रांड पहचान है। बैंक, बीमा कंपनियां, ब्रोकिंग फर्म, उपभोक्ता उत्पाद निर्माता और सॉफ्टवेयर कंपनियां इससे फायदा उठा सकती हैं। दूसरी ओर, स्टार्टअप और नई कंपनियों के सामने ग्राहकों तक पहुंचने की चुनौती बढ़ सकती है, क्योंकि वे अक्सर बड़े ब्रांडों के नाम से जुड़े कीवर्ड का उपयोग कर अपनी दृश्यता बढ़ाती रही हैं। आशीष दुबे / 03 जून 2026