इंदौर (ईएमएस)। देश के प्रतिष्ठित फंड हाउस एचएसबीसी म्यूचुअल फंड ने मध्यम और उच्च श्रेणी के समझदार निवेशकों के लिए एक अनूठा रेडहेक्स हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड बाजार में उतारा है। यह नया फंड ऑफर निवेश के लिए दो जून से शुरू हो चुका है और आगामी 16 जून 2026 तक खुला रहेगा। यह दरअसल एक स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (एसआईएफ) रणनीति है, जिसे पारंपरिक म्यूचुअल फंड और महंगे पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (पीएमएस) के बीच की दूरी को पाटने के लिए तैयार किया गया है। इसमें निवेशकों को म्यूचुअल फंड जैसी साफ-सुथरी और पारदर्शी जानकारी तो मिलेगी ही, साथ ही पोर्टफोलियो का ऐसा लचीलापन भी मिलेगा जिससे कम जोखिम में बेहतर कमाई की जा सकेगी। यह फंड बाजार की अस्थिरता से निपटने के लिए फिक्स्ड इनकम और इक्विटी आर्बिट्राज के साथ-साथ नए जमाने के तेजी से उभरते विकल्पों जैसे आरईआईटी और इनविट्स में भी सोच-समझकर पूंजी का निवेश करेगा। फंड का मुख्य उद्देश्य कड़े जोखिम प्रबंधन के जरिए निवेशकों के पैसे को सुरक्षित रखना और टैक्स बचत के साथ नियमित आय का जरिया बनाना है। एक इंटरवल फंड होने के नाते निवेशक इसमें किसी भी कार्यदिवस पर निवेश कर सकते हैं और उन्हें साप्ताहिक आधार पर पैसा निकालने की सहूलियत भी मिलेगी। कंपनी ने इसमें सामान्य निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन राशि दस लाख रुपये और मान्यता प्राप्त (एक्रेडिटेड) निवेशकों के लिए एक लाख रुपये तय की है। इसका बेंचमार्क निफ्टी पचास हाइब्रिज कंपोजिट डेब्ट पचास-पचास इंडेक्स को बनाया गया है। प्रकाश/03 जून 2026