क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद की तहसीलों एवं नगर पालिका परिषद फतेहपुर में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार और जनसुविधाओं में हो रही देरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आरोप लगाया कि तहसीलों में आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपालों द्वारा सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। इसके अलावा भूमि को कमर्शियल कराने, दाखिल-खारिज तथा हदबंदी जैसे कार्यों में भी मनमाने ढंग से धन वसूली की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सुविधा शुल्क न देने पर लोगों के कार्य लंबित कर दिए जाते हैं। शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने नगर पालिका परिषद में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई मामलों में प्रमाणपत्र बनने में चार से छह महीने तक का समय लग जाता है। कभी-कभी पूरी फाइल ही गायब हो जाती है, जिससे लोगों को मजबूर होकर सुविधा शुल्क देकर अपना कार्य कराना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असिसमेंट से जुड़े मामलों में ग्राम समाज की रिपोर्ट लगाने के नाम पर धन उगाही की जाती है तथा रिपोर्ट न आने का हवाला देकर फाइलों को महीनों तक लंबित रखा जाता है। प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा तथा जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मांगे गए साक्ष्य जल्द ही प्रशासन को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर श्रवण गौड़, शेख एजाज अहमद, आशीष गौड़, मणि प्रकाश दुबे, प्रेम शंकर त्रिवेदी, देवी प्रकाश दुबे, राजू लोधी, पंडित राम नरेश महाराज एवं जे.पी. पासवान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। शीबू खान / ईएमएस 03 जून, 2026