रायपुर (ईएमएस)। केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर रायपुर नगर निगम के सभी जोन क्षेत्रों में जनसहभागिता के साथ व्यापक स्तर पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रायपुर नगर निगम के उद्यानिकी एवं पर्यावरण विभाग के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने जोन क्षेत्र में वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें। साथ ही जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, स्व-सहायता समूहों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाए। वृक्षारोपण स्थलों पर गड्ढा खुदाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व में ही पूर्ण कर ली जाएं। इसके अलावा रोपित पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं संधारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/3 जून 2026