क्षेत्रीय
03-Jun-2026


नर्मदापुरम (ईएमएस;)! अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा के नेतृत्व में तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नायब तहसीलदार, एसडीओ पीएचई, सीपीओ एवं अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्राम चौतलाय का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मंदिर, तालाब, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त दल द्वारा विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया तथा उनकी भौतिक स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश संस्था प्रभारियों को दिए गए। आगामी शैक्षणिक सत्र को दृष्टिगत रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों की तैयारियों का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामवासियों से चर्चा के दौरान पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब निर्माण, सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया। ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, जिस पर मौके पर उपस्थित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 03 जून 2026