क्षेत्रीय
03-Jun-2026


बालाघाट (ईएमएस). जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम हीरापुर के वार्ड क्रमांक 2 की निवासी एक महिला ने लाड़ली बहना योजना की राशि बंद किए जाने पर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 2 हीरापुर निवासी लीलाबाई हट्टेवार लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाए जाने की मांग लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उन्हें दिसंबर 2023 तक योजना की राशि नियमित रूप से प्राप्त होती रही, लेकिन जनवरी 2024 से यह कहकर भुगतान बंद कर दिया गया कि उनकी उम्र 60 वर्ष हो गई है। लीलाबाई ने बताया कि उनकी वास्तविक जन्मतिथि वर्ष 1981 की है, जिसके अनुसार उनकी उम्र लगभग 45 वर्ष है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आयु संबंधी त्रुटि को सुधारकर उन्हें योजना का लाभ पुन: दिलाया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। भानेश साकुरे / 03 जून 2026