क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


उल्हासनगर, (ईएमएस)। अलनिनो व आयओडी के प्रभाव से समुद्री लहरों के एक्टिव होने से मॉनसून का मौसम लंबा चलने की संभावना है। संभावित जल संकट को देखते हुए जलसंपदा विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ 14 अप्रैल 2026 तथा 23 अप्रैल 2026 को आयोजित समीक्षा बैठकों में लिए गए निर्णय के अनुसार पानी की कटौती लागू करने का फैसला किया गया है। अधिकारियों के अनुसार अल नीनो और आईओडी के प्रभाव से मौसम और वर्षा चक्र प्रभावित होने की आशंका है, जिसके चलते भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है। निर्णय के तहत महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) के शहाड जलशुद्धीकरण केंद्र तथा बारवी जलशुद्धीकरण केंद्र, जांभुल से होने वाली जलापूर्ति को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को दोपहर 12 बजे से लेकर कल शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक यानि कुल 24 घंटे पानी की सप्लाई बंद रहेगी। इसके अलावा शनिवार को भी कम दबाव और कम मात्रा में पानी की आपूर्ति होने की संभावना जताई गई है। इस निर्णय का असर उल्हासनगर के कैंप क्रमांक 1 से 5 तक के सभी क्षेत्रों पर पड़ेगा। मनपा के जलापूर्ति विभाग के अनुसार निर्धारित अवधि के दौरान इन इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पहले से पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें और पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी से करें। प्रशासन ने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण करने तथा मनपा प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया है। संतोष झा- ०३ जून/२०२६/ईएमएस