नर्मदापुरम(ईएमएस)। मुख्यालय की नगर पालिका परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देशन में लगातार अतिक्रमण दल, हाका दल और स्वच्छता दल द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को अतिक्रमण दल द्वारा विशेष कार्रवाई कर मार्ग अवरूद्ध करने वाले फल एवं सब्जी विक्रेता के साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नपा के आरएसआई ब्रजेश सारवान ने बताया कि सीएमओ श्रीमती पटले के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को सतरस्ता, ग्वालटोली पुलिया, बालागंज रोड, हीरो होण्डा शोरूम, नेहरू पार्क और एसपी आफिस तिराहे तक का अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 10 ठेलों के साथ ही एक तखत जब्त किया और 1500 रुपए का जुर्माना भी किया गया। अतिक्रमण दल में आरएसआई ब्रजेश सारवान, रवि सूर्यवंशी, दिलाबर बेग, सुनील अवस्थी, शैलेंद्र साहू, उपदेश गौर, राजेश दीवान, राजू पालीवाल, शेख सिकंदर, सतीश रघुवंशी, नितिश गौर आदि शामिल थे। अतिक्रमण दल के साथ ही स्वच्छता टीम भी सक्रिय है। नेहरू पार्क के पास स्थित चौपाटी पर गंदगी करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। हाका दल प्रभारी गगन सोनी ने बताया कि बुधवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों से 15 सांडों को पकड़कर नगर सीमा से बाहर किया गया है। ईएमएस/मोहने/ 03 जून 2026