(संदीप सिंह) नई दिल्ली(ईएमएस)। राजधानी के दक्षिणी दिल्ली के हौजरानी इलाके में स्थित फ्लोरिस्ट इन होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से कम से कम 21 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। सुबह 8.50 बजे सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 47 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है, जबकि पूरे इलाके में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। - होटल में मौजूद थे ज्यादातर विदेशी आसपास में रहने वाले लोगों ने जानकारी देते हुए कहा कि 5 मंजिला इस होटल में 25 कमरे बने हुए थे, जिसमें 40 लोग रुके हुए थे। इसमें ज्यादातर विदेशी लोग शामिल थे जो बाहर से इलाज कराने के लिए आए थे। जब होटल में आग लगी थी तब ज्यादातर लोग सोए हुए हुए थे। मरने वाले सभी लोग विदेशी बताए जा रहे हैं। हौजरानी की तंग गलियों में बने इस होटल के बेसमेंट में रेस्टोरेंट बना हुआ था। - रेस्टोरेंट के शेफ ने बताया- कितनी भयानक थी आग होटल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले शेफ केसर सिंह ने पुलिस को बताया कि सुबह का वक्त था करीब 8 बजे जैसे ही उसने इलेक्ट्रिक चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो आग एक दम भड़क गई। आग पहले से होटल में लगी थी मैंने तुरंत अपने असिस्टेंट को बोला कि होटल में आग लगी है। मैं बाहर आया तो देखा कि होटल जल रहा था। मैं किसी तरह वहां से बचकर निकला। खुद केसर नेगी बताते हैं कि इस हादसे में कई लोगों की मौत हो सकती है। - दिल्ली पुलिस को सुबह 8:50 बजे हमें कॉल मिली दिल्ली पुलिस ने कहा कि मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, तो वहीं अग्निशमन अधिकारी एके मलिक ने जानकारी देते हुए कहा कि सुबह 8:50 बजे हमें कॉल मिली थी। शुरुआत में 7 दमकल की गाड़ियों को भेजा गया, उसके बाद और गाड़ियों को भेजा गया...37 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इमारत को पूरा सर्च कर लिया गया है... इस बीच मालवीय नगर में आग लगने की जगह पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम जांच के लिए पहुंची हैं। - पीएम और सीएम - एलजी ने जताया शोक दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित हौज रानी में बने होटल में लगी आग मामले में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मरने वाले के प्रति शोक जताया है। दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की घटना से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में सभी के साथ शामिल हूं। - विधायक सतीश उपाध्याय पहुंच घटना स्थल पर मालवीय नगर विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि सुबह 8.51 की यह घटना है। सूचना मिलते ही हमने पूरे सिस्टम को सक्रिय किया था। सभी लोग यहां समय पर आ गए थे। हमारे स्थानीय नागरिकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में भूमिका निभाई। कुल 47 लोगों का आंकड़ा सामने आया है जो इस होटल में रह रहे थे। कुछ लोगों को हमने छत से भी नीचे उतारा और 21 लोगों की मौत हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त हो गया है... - अमित शाह ने व्यक्त किया शोक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। इस हृदयविदारक त्रासदी में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। - महिला गोद में बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूदी जैसे-जैसे घना धुआं पूरी इमारत में फैलने लगा और आग तेजी से फैलती गई, कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर मदद के लिए गुहार लगाते दिखाई दिए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एक महिला अपनी गोद में छोटे बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई। उससे पहले स्थानीय लोगों ने इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए नीचे जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्चे के साथ एक गद्दे पर गिरी और उसे कुछ चोटें आई होंगी। इसके तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। - लोगों ने इमारत के नीचे गद्दे बिछा उन्होंने बताया कि महिला बच्चे को कसकर पकड़े हुए थी और जब बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा, तब उसने छलांग लगा दी। लोगों ने पहले ही इमारत के नीचे गद्दे बिछा दिए थे। मां और बच्चा दोनों बच गए, लेकिन ऐसा लगा रहा था कि महिला को चोटें आई हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले ही इलाके के लोग बचाव कार्य में जुट गए थे। गद्दों की दुकानों के मालिकों और अन्य लोगों ने इमारत के नीचे सड़क पर गद्दे बिछा दिए थे। संदीप सिंह /नई दिल्ली/ईएमएस/03/जून/2026