नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड में विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की मौत के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय प्रभावित देशों के दूतावासों के लगातार संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि नई दिल्ली के मालवीय नगर में हुई इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों, विशेषकर विदेशी नागरिकों के परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। साथ ही बताया कि विदेश मंत्रालय संबंधित दूतावासों के साथ समन्वय कर रहा है और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दी जा रही है। सुबोध/०३-०६-२०२६