कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने बताया कि फिरहाद हकीम ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से पद छोड़ने की अनुमति मांगी थी, जिसे मंजूरी दे दी गई। कुणाल घोष के अनुसार, फिरहाद हकीम काफी समय से मेयर पद छोड़ना चाहते थे। उनका मानना था कि बदलते राजनीतिक और प्रशासनिक हालात में नगर निगम प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रहा है। उन्होंने सम्मानजनक तरीके से पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। पहले उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई थी, लेकिन दोबारा अनुरोध करने पर ममता बनर्जी ने उन्हें इस्तीफा देने की अनुमति दे दी। फिरहाद हकीम नवंबर 2018 से कोलकाता के मेयर पद पर कार्यरत थे और तृणमूल कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब पार्टी आंतरिक चुनौतियों और राजनीतिक उथल-पुथल का सामना कर रही है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर असंतोष और कुछ नेताओं के बगावती तेवर भी चर्चा में रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि फिरहाद हकीम का इस्तीफा केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे पुनर्गठन और राजनीतिक परिस्थितियों का संकेत भी हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कोलकाता नगर निगम का अगला मेयर कौन होगा। सुबोध/०३-०६-२०२६