क्षेत्रीय
03-Jun-2026


,,,,,​शहर की चरमराती व्यवस्थाओं और इकरा कॉलोनी-बेगमबाग की अनदेखी से नाराज,,,, पार्षदों ने खोला मोर्चा;,,,, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन और त्यागपत्र,,,,, सिरोंज (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद सिरोंज में वार्डों के विकास कार्यों में भेदभाव और पक्षपात का एक बड़ा मामला सामने आया है। परिषद की कार्यप्रणाली और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं से क्षुब्ध होकर कांग्रेस नेताओं द्वारा नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया गया जिसके बाद वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद रामदयाल विश्वकर्मा ने एसडीएम (अनुविभागीय अधिकारी) को अपना सशर्त इस्तीफा सौंप दिया है। पार्षद का कहना है कि उनके वार्ड की जनता के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार के कारण वे अत्यंत दुखी मन से यह कदम उठा रहे हैं। ​2 महीने में काम न होने पर मंजूर हो इस्तीफा ​पार्षद रामदयाल विश्वकर्मा ने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट रूप से लिखा है कि उनके वार्ड क्रमांक 01 की जनता ने उन्हें भारी स्नेह और मत देकर चुना था, लेकिन वार्ड के लोगों के साथ लगातार पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि आगामी 02 महीनों के भीतर इकरा कॉलोनी और बेगमबाग क्षेत्र के रुके हुए रोड और नाली निर्माण कार्य पूरे नहीं किए जाते हैं, तो उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि उनके लिए जनता का हित ही सर्वोपरि है। ​नेता प्रतिपक्ष नदीम खान ने ज्ञापन सौंपकर खोली नपा की पोल ​इस पूरे मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद और नगर पालिका परिषद सिरोंज के नेता प्रतिपक्ष नदीम खान (नद्दू भाई) ने भी एसडीएम को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में उन्होंने शहर की फैली अव्यवस्थाओं और विशेषकर वार्ड नं. 01 (इकरा कॉलोनी) एवं वार्ड नं. 08 की गंभीर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। ​ज्ञापन में लगाए गए मुख्य आरोप और मांगें: ​25 वर्षों से बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे 125 परिवार: इकरा कॉलोनी में पिछले 25 वर्षों से करीब 125 मुस्लिम परिवार निवास कर रहे हैं, जो नियमित रूप से नपा के सभी करों और नामांतरण पेनाल्टी का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है। ​प्रस्ताव पास होने के बाद भी ठप पड़ा काम: नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि साल 2022 में नवगठित परिषद की साधारण सभा की दूसरी बैठक में इकरा कॉलोनी की सड़कों और नालियों का कार्य सर्वसम्मति से पास हुआ था, लेकिन तब से लेकर आज तक धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। ​अधिनियम का हवाला: ज्ञापन में मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 50 से अधिक परिवारों की बसाहट वाली बस्तियों में बुनियादी सुविधाएं (पानी, सड़क, बिजली, नाली) देना नपा का कानूनी दायित्व है, जिसका उल्लंघन किया जा रहा है। ​खुले नाले और अधूरे टेंडर बने मुसीबत: बारिश का मौसम नजदीक है, लेकिन शहर के कई वार्डों में नाले अधूरे और खुले पड़े हैं, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा है। वहीं, बेगमबाग और नवीन बस स्टैंड से लेकर बलेजा पेट्रोल पंप तक रोड चौड़ीकरण का टेंडर महीनों पहले खुलने के बावजूद ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया है। आरोग्य हॉस्पिटल से नयेपुरे तक की सड़क भी पूरी तरह बदहाल है। ​प्रशासन से त्वरित निर्णय की मांग ​पार्षदों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी बरसात से पहले शहर के सभी नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों के घरों में गंदा पानी न घुसे। साथ ही, इकरा कॉलोनी और अन्य प्रभावित वार्डों की बुनियादी समस्याओं पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तुरंत उचित निर्णय लिया जाए।अब देखना यह होगा कि पार्षद के इस बड़े कदम (इस्तीफे की चेतावनी) के बाद सोए हुए नगर पालिका प्रशासन की नींद टूटती है या सिरोंज की जनता को इस मानसून में भी नरकीय हालातों से जूझना पड़ेगा। इस दौरान ईरशाद गौरी, अरविंद नगीना, गगनेन्द्र रघुवंशी, रिंकी रघुवंशी, सादिक कुरैशी, आसिमदाद खान, जितेन्द्र बघेल, अर्जुन राजपूत बिलकीस जहां डॉक्टर सुभान गोरी आदि बडी़ संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे। ईएमएस/सलमान खान/ 03 जून 2026