क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


कर्मचारियों पर ग्राहकों से हाथापाई के आरोप बालाघाट (ईएमएस). जिले के आवलाझरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। आवलाझरी स्थित बजाज पेट्रोल पंप में बीती रात पेट्रोल भराने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि पेट्रोल भराने के दौरान ग्राहकों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मचारी ग्राहकों के साथ हाथापाई करते और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर कम पेट्रोल देने की शिकायतों और ग्राहकों के साथ होने वाले विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर भरवेली थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।