बालाघाट (ईएमएस). मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के अवर सचिव के निर्देशानुसार नगरपालिकाओं एवं पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष-2026 की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जीएस धुर्वे, निर्वाचन प्रभारी सहायक अधीक्षक दीपक चौरागड़े तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर नितेश कुमार गायधनी उपस्थित रहे। बैठक में ईआरएमएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाता सूची अद्यतन करने, ऑनलाइन प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के त्वरित और पारदर्शी निराकरण, पंचायतों के विस्थापन संबंधी प्रक्रियाओं तथा नवीन नगरीय निकायों की मतदाता सूची तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान सभी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा मतदाता सूची में त्रुटिरहित और अद्यतन प्रविष्टियां दर्ज की जाएं। साथ ही प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार जिले की छह नगरपालिकाओं में कुल 217 मतदान केंद्र हैं तथा दावा-आपत्ति आवेदन पत्रों के 1103 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। वहीं जिले की 10 जनपद पंचायतों में कुल 2158 मतदान केंद्र हैं और दावा-आपत्ति आवेदन पत्रों के 12,094 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ निर्धारित अवधि में पूरा करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।