मुंबई (ईएमएस)। अपनी आगामी फिल्म गवर्नर को लेकर बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी चर्चा में हैं। फिल्म गवर्नर भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर पर आधारित है। यह फिल्म पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकिटरमणन के जीवन तथा उनके योगदान को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। मनोज बाजपेयी की प्रमुख भूमिका वाली इस फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह 1990 के दशक की शुरुआत में देश गंभीर आर्थिक संकट और वित्तीय चुनौतियों से जूझ रहा था और उस दौर में लिए गए अहम फैसलों ने भारत को मुश्किल हालात से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने रोल के बारे में मनोज बाजपेयी ने बताया कि इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के किसी अधिकारी या गवर्नर से मुलाकात नहीं की। उनका कहना था कि आरबीआई देश की सबसे महत्वपूर्ण संस्थाओं में से एक है, जहां कामकाज बेहद गोपनीयता और कड़े नियमों के तहत संचालित होता है। ऐसे में वहां तक पहुंच बनाना या अधिकारियों से सीधे संवाद करना आसान नहीं होता। मनोज ने कहा कि वह कभी आरबीआई भवन के भीतर नहीं गए और न ही किसी वर्तमान या पूर्व गवर्नर से मिले। उनके अनुसार यह स्वाभाविक भी है, क्योंकि ऐसे पदों पर कार्यरत लोग अत्यंत संवेदनशील जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था के अंदर सामान्य लोगों की पहुंच सीमित होती है और वहां फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों पर भी कड़े प्रतिबंध लागू रहते हैं। अभिनेता ने बताया कि किरदार को समझने और उसके साथ न्याय करने के लिए उन्होंने उस समय उपलब्ध दस्तावेजों, लेखों और अन्य संदर्भ सामग्रियों का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि शोध के दौरान जुटाई गई कई जानकारियां और दस्तावेज आज भी उनके पास सुरक्षित हैं। जब भी उन्हें किसी तथ्य या घटना को लेकर संदेह होता है, तो वह उन्हीं स्रोतों का सहारा लेते हैं ताकि जानकारी की सटीकता बनी रहे और किसी तरह की तथ्यात्मक गलती न हो। मनोज बाजपेयी का मानना है कि अभिनय केवल संवाद बोलने या किसी पात्र की नकल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यापक समझ और लगातार सीखने की इच्छा भी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के भीतर जिज्ञासा होना बेहद महत्वपूर्ण है। दुनिया में क्या हो रहा है, समाज किन बदलावों से गुजर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में क्या चुनौतियां हैं, इन सबके बारे में बुनियादी जानकारी किसी भी अभिनेता के व्यक्तित्व और अभिनय को समृद्ध बनाती है। सुदामा/ईएमएस 04 जून 2026