मनोरंजन
04-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और अभिनेता राम चरण अपकमिंग फिल्म पेड्डी में साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म के प्रचार के दौरान जाह्नवी कपूर ने अपनी मां श्रीदेवी को याद करते हुए उनसे जुड़ी कई भावुक बातें साझा कीं। एक बातचीत में जाह्नवी ने बताया कि श्रीदेवी जितनी बड़ी स्टार थीं, निजी जीवन में उतनी ही सरल, संकोची और परिवार के प्रति समर्पित थीं। उन्होंने कहा कि बहुत छोटी उम्र से अभिनय की दुनिया में सक्रिय रहने के बावजूद जब उनकी मां ने परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया तो उन्होंने खुद को पूरी तरह बदल लिया। उनके लिए मां और पत्नी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बन गई थी और उन्होंने अपने पेशेवर जीवन को कुछ समय के लिए पीछे छोड़ दिया था। जाह्नवी के अनुसार, श्रीदेवी जिस काम को करने का निर्णय लेती थीं, उसमें पूरी तरह समर्पित हो जाती थीं। यही समर्पण उन्होंने अपने पारिवारिक जीवन में भी दिखाया। जब बेटियां बड़ी होने लगीं, तब उन्होंने दोबारा फिल्मों में वापसी की, लेकिन परिवार हमेशा उनकी पहली प्राथमिकता बना रहा। जाह्नवी ने एक भावुक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब श्रीदेवी फिल्म इंग्लिश विंग्लिश की शूटिंग कर रही थीं, तब उन्होंने अपने काम का कार्यक्रम इस तरह बनाया था कि वह परिवार के साथ अधिक समय बिता सकें। हालांकि, न्यूयॉर्क में फिल्म की शूटिंग के कारण वह अपनी छोटी बेटी खुशी और पति बोनी कपूर का जन्मदिन नहीं मना सकीं। इस बात का उन्हें इतना दुख था कि शूटिंग खत्म होने के बाद वह लगातार कई दिनों तक फोन पर बात करते हुए रो पड़ती थीं। जाह्नवी ने कहा कि यह सोचकर हैरानी होती है कि करोड़ों प्रशंसकों की पसंदीदा एक मेगास्टार के लिए सबसे बड़ा दुख अपने बच्चे का जन्मदिन छूट जाना था। जाह्नवी ने यह भी बताया कि उनके परिवार ने हमेशा सुविधाओं से भरपूर जीवन जिया, लेकिन श्रीदेवी ने कभी अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं किया। उन्हें अपनी बेटियों के लिए पसंदीदा भोजन बनाना, बाजार से मछली खरीदकर विशेष चटनी तैयार करना और परिवार के सदस्यों की देखभाल करना अधिक पसंद था। जाह्नवी ने कहा कि जब वह राम चरण को उनके पिता चिरंजीवी के बारे में बात करते हुए सुनती हैं, तो उन्हें अपनी मां की याद आ जाती है। दोनों महान कलाकारों के जीवन में कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण मूल्य रहे हैं। मालूम हो कि दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और मेगास्टार चिरंजीवी ने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कई यादगार फिल्मों में साथ काम किया था। अब उनकी विरासत को उनके बच्चे आगे बढ़ा रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 04 जून 2026